Copyright

Copyright © 2026 "मंथन"(https://www.shubhrvastravita.com) .All rights reserved.

गुरुवार, 20 अगस्त 2026

“खोज”

बादलों की ओट में
 लुप्त नहीं हुआ है चन्द्रमा,
वह  केवल दृष्टि से ओझल है
 जैसे सत्य
 अज्ञान के आवरण में
 कभी-कभी छिप जाता है ।

काली घटाएँ घिरती हैं आसमान में
और बरस जाती हैं धरा पर,
  मन का आँगन भी 
उनके साथ सावन-भादों सा
 भीगा-भीगा रहता है ।

 जीवन भी ऐसा ही है
 कभी धूप,
 कभी घनघोर घटाएँ,
 कभी उजास,
 कभी अनंत प्रतीक्षा ।

नेह के घट से
 अमृत छलकता है,
 तो उसी प्रेम की गहराई में
 अश्रु भी जन्म लेते हैं ।

 सुख और दुःख
 वास्तव में विरोधी नहीं,
 एक ही अनुभूति के
 दो किनारे हैं ।

पूनम की रात है,
 फिर भी नभ घनपूरित है
 चाँदनी को तरसती आँखें
 यह भूल जाती हैं
 कि चाँदनी बाहर  नहीं,
 मन के भीतर भी है  ।

बादल चन्द्रमा को
 कब तक ढक पाएँगे ?

आवरण बदलते हैं,
मगर आकाश वही रहता है ।
 दृश्य बदलते हैं,
लेकिन सत्य शाश्वत रहता है ।

मनुष्य भी…,
 अपने जीवन रूपी बादलों में
 स्वयं को खोजता है
बस ढंग बदलता रहता है

***


शनिवार, 1 अगस्त 2026

“संवाद“

झील-सा धीर-गंभीर
 दिखने में निश्चल 

लेकिन…,
 भीतर ही भीतर अनगिन वृत्ताकार
तरंगों के जाल में गुम्फित 

मन का आँगन भी
बड़ा  विचित्र है 

सागर के ज्वार-सा
अपनी ही निस्तब्धता से
बार-बार संवाद करता है 


***



शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

“शुरुआत”

लम्बी खामोशी के बाद 

एक दिन जानी-पहचानी आवाज़ 

कानों में गूंजी —


"फिर से शुरुआत करें सुख-दुख साझा करने की"


तीर सी सिहरन

समूचे वजूद को सिहरा गई

कुछ देर की चुप्पी 

और फिर …

अन्तस् से एक आवाज उभरी


ऐसा है -

 “वक्त गुजर गया”

अब भी बहुत काम बाकी हैं जो कभी 

हमारे साझी थे

कुछ मेरे और कुछ तुम्हारे


देखो…,

मेरे पास काम बहुत हैं

और तुम्हारे पास फुर्सत बहुत 


मेरी मानो तो ..,,

खाली वक्त में थोड़ा 

आत्ममंथन करना 

 अगले जन्म में मेरे और तुम्हारे काम

 ईमानदारी से

बराबर -बराबर रखना


अगर ऊपर वाले की मेहर हुई तो

 एक बार और सही— 


फिर से शुरुआत कर ही लेंगे

अपने सुख-दुःख

साझा करने की


***


सोमवार, 22 जून 2026

“उस पार”

उस पार बँधी खड़ी है
 एक सांसारिक बंधन मुक्त नाव,
 किन्तु  उसका खिवैया कौन है 
 यह प्रश्न ..,
 तम की चादर में लिपटा पड़ा है ।

रात के घने आवरण को चीर
 मन उस पार जाना चाहता है,
 जहाँ अनकहे रहस्यों की गांठें खुलें,
 और मौन अपने भीतर छिपे अर्थों का
 भेद स्वयं प्रकट करे ।

आँखों में थकन उतर आई है,
 जैसे अनगिनत यात्राओं की धूल
 पलकों पर जम गई हो ।
 बहुत दिन बीते
 चैन की गोद में सिर रखे हुए,
 बहुत समय हुआ
 स्वप्नों के निर्भार जल में डूबे हुए ।

अब मन चाहता है
 नींद के उस अथाह सागर में उतर जाना,
 जहाँ स्मृतियाँ शांत हों,
  समय का शोर थम जाए,
 और आँखें..,
 अपनी सारी व्याकुलता छोड़कर
 गहरे विश्राम में खो जाएँ ।

शायद उस पार
 सांसारिक बन्धन रहित नाव तो है 
 मगर खिवैया अब भी अदृश्य है,
 वहीं कहीं अनंत में कोई शांतिपूर्ण तट भी होगा
जिस पर पहुँच कर सभी प्रश्न स्वतः मौन हो जाएँगे ।

***


सोमवार, 15 जून 2026

“भ्रम”

कुछ कहने -सुनने,समझने-समझाने
 की सारी बातें,
 यहीं छोड़ दें तो अच्छा है । 

दुनिया की उलझी हुई रस्में,
 रिश्तों और व्यवहारों का हिसाब-किताब
 इनसे किसी का कुछ 
 कभी अच्छा हुआ है भला।

व्यर्थ बातों में क्यों उलझना
सबके अपने-अपने स्वर्ग और नर्क हैं
 अपनी वैतरणी खुद ही
 पार करता है इन्सान ।

अक्सर हम दुनिया देखते हैं,
  उसके जैसा बनने की कोशिश करते हैं,
 सबके पीछे चलते हैं;
 और इसी अनुकरण की चक्की में
 धीरे-धीरे पिसते हैं।

शायद बेहतर हो कि
 हम एक-दूसरे से बात तो करें,
मगर अपने मन की भी सुने,
 और उस शोर से दूर रहें
 जो केवल भ्रम पैदा करता है ।

***


रविवार, 31 मई 2026

“अनुत्तरित प्रश्न ”


रात अपने अंतिम प्रहर में है,
 और तारे भी बुझने लगे हैं

इन्सान होने के नाते मेरी सोच 
 कहीं खो सी गई है
 जैसे भूसे के अथाह ढेर में
 एक छोटी सी सुई ।

 कई बार कुछ प्रश्न 
 बार-बार,
सामने आ खड़े  होते हैं लेकिन 
उनके उत्तर कहीं नहीं दिखते 

एक विचार कौंधता है मन में 
 क्या केवल जीवित रहना ही
 जीवन का होना है ?

सुबह से शाम तक
 समय मनुष्य को खर्च करता रहता है,
 और मनुष्य..,
 जेब में पड़े  सिक्कों की तरह
 धीरे-धीरे खर्च होता जाता है
निरन्तर अपनी जिजीविषा को 
क्षीण होते देखता रहता है 

 छोटी-छोटी ज़रूरतों में
 उसके दिन बँट कर रह जाते हैं
 सपने..,
 जो कभी आसमान से
 विस्तृत हुआ करते थे ,
 जीवन के हिसाब-किताब के बीच
 दम तोड़ते दिखाई देते हैं ।

रात के धुँधलके में
 जब तारों की रोशनी भी थक हार कर बैठ जाती है,
 इस तरह के अनगिनत प्रश्न
 और अधिक स्पष्ट होकर सामने आ खड़े होते हैं 

 तब एक सोच उभरती है —

क्या जीवन केवल इसलिए जीवन है 
 कि एक दिन
 हम पूरी तरह खर्च हो जाएँ,
 और किसी को
 हमारी अनुपस्थिति का कोई फ़र्क़ भी न पड़े ।


***


गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

“संकल्प”

शोर-शराबा और किसी भी तरह की तेज आवाज़ें झुंझलाहट भरी हलचल भर देते थे उसके मन में ।दीपावली और होली के त्यौहार तो उसे बहुत पसंद थे मगर पटाखों का शोर उसे कभी नहीं भाया ।

वह सोचती- “पटाखे बजाने से ही ख़ुशियों का प्रदर्शन क्यों होता है ?” पटाखों के शोर से और बाद के धुएँ से निकली गंध से उसे बहुत चिढ़ थी ।


 उसकी यह आदत छुड़वाने के लिए घर पर होली-दीवाली पर पटाखे आते तो उसके लिए फुलझड़ियाँ आया करती ।उसे याद है वह वक्त जब पहली बार दीपावली पर फुलझड़ी थामी थी उसने , उसे जलाने से पहले वह निश्चित कर लेना चाहती थी कि बजेगी तो नहीं।कांपती अँगुलियों के बीच फुलझड़ी की पहली चिंगारी को देखते ही डर के मारे उसने फुलझड़ी को नीचे गिरा दिया था । 


घर की तरह वह स्कूल में भी शांत बच्चों की श्रेणी में आती रही थी रिक्त कालांश में उसे शैतानी करने से अधिक कक्षा-कक्ष की खिड़की से बाहर के हरे-भरे लॉन ,मौसमी फूलों की क्यारियाँ , गिलहरियाँ और वहाँ मँडराते पक्षियों को देखना बहुत पसन्द था । 


समय और प्रकृति परिवर्तनशील हैं और उनके सहचर मनुष्य की प्रकृति भी । आज की वैश्विक हलचल को अनुभव कर वह सोचती है - 

   “इस संसार के मुट्ठी भर मानव अपने प्रभुत्व की लिप्सा में कितनी ही निर्दोष और मासूम ज़िन्दगियों को नष्ट करते हुए सदियों से विकसित और पल्लवित सभ्यताओं को नष्ट करने की बात सोच भी कैसे सकते हैं ।”


बारुद के धुएँ और धमाकों के बीच जीती ज़िंदगियों के बारे में सोचते हुए उसकी आत्मा सिहर उठती है ।लेकिन आज वह छोटी नही है ,बचपन की एकांत प्रिय और कोलाहल से बचने वाली लड़की अब परिपक्व स्त्री बन चुकी है ।उसने तय किया है कि -

“इस वर्ष दीपावली पर वह निराश्रितों के बीच जाकर फुलझड़ियाँ और मिठाई बांट कर उनकी मुस्कराहट में जीवन की सार्थकता ढूँढेगी और शायद, यही उसका एक छोटा-सा प्रयास होगा  जहाँ खुशियाँ धमाकों से नहीं, उजालों से पहचानी जाएँ।”

***